अन्य

Cg News : 13 वर्षीय बच्ची के तालाब में डूबने की आशंका, जिले से गोताखोर टीम रवाना…

जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत भुरसा कोना गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से लगभग 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना पूरइन पोखर तालाब की बताई जा रही है।

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दिनांक 11 फरवरी 2026 को बच्ची अपने चाचा के साथ सन्ना साप्ताहिक बाजार गई थी। सूर्यास्त के समय, लगभग शाम 6 बजे वे बाजार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बच्ची अपने चाचा से कुछ पीछे रह गई और अपनी छोटी बहन के साथ आ रही थी।

चाचा ने बताया कि जब काफी देर तक बच्ची नहीं पहुंची तो वे वापस उसी रास्ते से लौटे। खोजबीन के दौरान बच्ची द्वारा बाजार से लाया गया सामान तालाब के किनारे तैरता हुआ मिला। आसपास काफी तलाश के बाद भी बच्ची का कोई पता नहीं चला। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची पैर धोने के लिए तालाब के किनारे गई होगी और फिसलकर गहरे पानी में चली गई।

इस संबंध में सन्ना थाना प्रभारी श्री संतोष सिंह ने बताया कि घटना की सूचना गुरुवार सुबह थाने को प्राप्त हुई है। सूचना मिलते ही वे स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं तथा जिले से गोताखोरों की टीम बुलाई गई है। टीम के पहुंचते ही तालाब में सघन तलाश अभियान चलाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि आमतौर पर डूबने की घटनाओं में कुछ समय बाद शव पानी की सतह पर आ जाता है, लेकिन इस मामले में अब तक ऐसा नहीं हुआ है।

परिजनों को आशंका है कि बच्ची डूबने के बाद तालाब के भीतर किसी वस्तु में फंस गई होगी,बताया जा रहा है कि मृतिका सन्ना पंचायत के लेदरा पाठ की निवासी थी,घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page