छत्तीसगढ़जांजगीर - चांपा

Cg News: डी.बी.एम. कॉलेज ऑफ फार्मेसी में वार्षिक उत्सव एवं पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित….

निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है डॉ.रमेश राठौर,…

वार्षिक उत्सव किसी भी शैक्षणिक संस्था के लिए आत्ममंथन और उत्साह का पर्व होता है श्रीमती ममता राठौर…

जांजगीर-चाम्पा/ देवरहा (पिथमपुर)। डी.बी.एम. कॉलेज ऑफ फार्मेसी, देवरहा (पिथमपुर) में भव्य रूप से वार्षिक उत्सव एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डी.बी.एम. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संचालक एवं स्वामी कलेश्वर नाथ पब्लिक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार राठौर उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट की सचिव एवं प्रांतीय अध्यक्ष, राठौर क्षत्रीय समाज महिला सभा की श्रीमती ममता राठौर ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती ममता राठौर ने कहा कि यह आयोजन न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को भी रेखांकित करता है। वार्षिक उत्सव किसी भी शैक्षणिक संस्था के लिए आत्ममंथन और उत्साह का पर्व होता है, जहां विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और संस्था की सोच एक मंच पर दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम विशेष रूप से पत्रकार बंधुओं के सम्मान को समर्पित है। पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो केवल सूचनाओं का संप्रेषण ही नहीं करते, बल्कि सच्चाई, जनहित और लोकतंत्र की मजबूती के प्रहरी भी होते हैं। ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान करना गर्व का विषय है।
मुख्य अतिथि डॉ. रमेश कुमार राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसका उद्देश्य समाज, राष्ट्र और मानवता के निर्माण से जुड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा प्रदर्शन और आत्मविश्वास को सशक्त करने का महत्वपूर्ण मंच होता है।

पत्रकार सम्मान समारोह पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं, जो समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
इस अवसर पर पत्रकार अमरीश सिंह राठौर, मनीष केवट एवं अन्य पत्रकारों का सम्मान व कॉलेज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। डॉ. राठौर ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी किसी भी शैक्षणिक संस्था की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। यह सम्मान न केवल उनकी उपलब्धियों का प्रतीक है, बल्कि भविष्य के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। फार्मेसी जैसे जिम्मेदारीपूर्ण क्षेत्र में अध्ययन कर रहे विद्यार्थी आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवा के सशक्त स्तंभ बनेंगे।
कार्यक्रम में वर्ष भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिभावक, पत्रकारगण, कॉलेज के प्राध्यापकगण व स्टाफ-सदस्य वसुंधरा सिंह, रोहित गोरी, ऋतु सूर्यवंशी, हिटकेश्वरी पटेल, ऋषि नायक, हिमानी विश्वकर्मा, कल्पना, विकास, अकील, कृष्णा, विमला, उमा सहित ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page