
नंबर प्लेट की आड़ में राजस्व पर डाका — ट्रांसपोर्टर पर आपराधिक शिकंजा…
रायगढ।राजस्व को चूना लगाने की एक संगठित कोशिश का खरसिया पुलिस ने खुलासा किया है रोड टैक्स से बचने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट बदलकर धान परिवहन करने का मामला सामने आया है पुलिस ने ट्रांसपोर्टर कपिल शर्मा उर्फ राजा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सूचना से कार्रवाई तक: ऐसे खुला राज….
थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े को सूचना मिली कि सुमित्रा राइस मिल, खरसिया में खड़ा ट्रक क्रमांक CG 13 AW 3051 संदिग्ध है और उसमें फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की गई।
मौके पर मौजूद चालक ओमप्रकाश कौशिक से पूछताछ में वाहन स्वामी का नाम कपिल शर्मा उर्फ राजा सामने आया। वाहन मालिक को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चौंकाने वाला खुलासा किया।
2019 से लंबित था रोड टैक्स…
पूछताछ में सामने आया कि कपिल शर्मा ने वर्ष 2021 में
ट्रक क्रमांक CG 11 AB 3370 को ग्राम शिवरीनारायण
निवासी शेख फनी से खरीदा था। इस वाहन का वर्ष
2019 से रोड टैक्स लंबित था। टैक्स अदा किए बिना ही
आरोपी ने ट्रक की नंबर प्लेट बदलकर अपने दूसरे
ट्रांसपोर्ट वाहन CG 13 AW 3051 का रजिस्ट्रेशन नंबर
लगा दिया और धान परिवहन में उपयोग करने लगा।
शासन को राजस्व क्षति पहुंचाने की मंशा…
जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने जानबूझकर शासन को राजस्व क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर परिवहन कार्य किया। यह न सिर्फ टैक्स चोरी का मामला है, बल्कि परिवहन व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा है।
मामले में थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका…
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, एएसआई उमाशंकर धृतांत एवं पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका से राजस्व क्षति पहुंचाने का यह मामला उजागर हो सका।


