
बिलासपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से पहले छत्तीसगढ़ में खेलों का माहौल बनना शुरू हो गया है। विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों के आगमन की शुरुआत हो चुकी है, जिसके तहत रविवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के वेटलिफ्टरों का 14 सदस्यीय दल रायपुर पहुंचा। दल में 13 खिलाड़ी और एक सपोर्ट स्टाफ शामिल है।
रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। राऊत नाचा दल की रंगारंग प्रस्तुति के बीच खेल एवं युवा कल्याण विभाग और साई SAI के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को गुलाब भेंट कर अभिनंदन किया। आयोजन को लेकर उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 23 मार्च को देश के कई अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी छत्तीसगढ़ पहुंचने वाले हैं।
देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ के तीन शहरों—रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर—में हो रहा है। इस बहुप्रतीक्षित आयोजन में देशभर के करीब तीन हजार जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग सहित सात खेलों में पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबले होंगे, जिन पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी।




