Cg News : ट्रांसफार्मर और कॉपर चोर गिरोह का भंडाफोड़ : 6 आरोपी गिरफ्तार, एम्बुलेंस से करते थे चोरी का माल परिवहन, करीब 17.30 लाख की संपत्ति जब्त….

जांजगीर-चांपा। पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रांसफार्मर, कॉपर एवं एल्युमिनियम केबल चोरी करने वाले संगठित अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो चोरी के माल के परिवहन के लिए बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस का रूप देकर पुलिस व आम जनता को भ्रमित करते थे।
आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी की गई सामग्री व वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹17,30,000 आँकी गई है।

जब्त सामग्री में शामिल….
- ट्रांसफार्मर
- कॉपर व एल्युमिनियम वायर
- लोहे का एंगल
- 04 मोबाइल फोन
- छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG-10 AS-5452
- बोलेरो एम्बुलेंस क्रमांक CG-10 AT-5255
- कटर मशीन ब्लेड, पाना-पेचिस
गिरफ्तार आरोपी….
- अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (मुख्य आरोपी), उम्र 26 वर्ष
- संतोष भास्कर, उम्र 38 वर्ष
- वीरेंद्र सुमन, उम्र 39 वर्ष
- राज आर्यन वानी उर्फ छोटू वानी, उम्र 20 वर्ष
- अमन रात्रे, उम्र 20 वर्ष
- राज आर्यन उर्फ रोहित वानी, उम्र 21 वर्ष
सभी आरोपी निवासी – थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर
कैसे हुआ खुलासा….
थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मरों से लगातार हो रही कॉपर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।13-14 जनवरी 2026 को रोड दुरपा के पास स्थित पुराने ट्रांसफार्मर से लगभग 230 किलो कॉपर चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसके बाद 22 जनवरी 2026 को लोहर्सी क्षेत्र से लगभग 200 किलो कॉपर वायर चोरी की शिकायत सामने आई।
इन मामलों में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 21/2026 एवं 48/2026, धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
गिरोह का तरीका….
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले ट्रांसफार्मरों की रेकी करते थे, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाते थे और रात के समय पिक-अप व एम्बुलेंस बनी बोलेरो से चोरी को अंजाम देते थे। चोरी के बाद कॉपर वायर को मुख्य आरोपी अमर बाबू के कबाड़ में खपाया जाता था।
गिरोह ने मुलमुला,अकलतरा,बलौदाबाजार व बिलासपुर जिलों में भी कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में 10 से अधिक चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है।

संगठित अपराध की धारा जोड़ी गई….
मुख्य आरोपी अमर बाबू सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध पहले भी बलौदाबाजार-भाटापारा व बिलासपुर जिले में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते आरोपियों पर धारा 111 BNS (संगठित अपराध) जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई…
यह सफलता थाना शिवरीनारायण पुलिस टीम की मजबूत मुखबिर तंत्र, तकनीकी विवेचना और सतत प्रयासों का परिणाम है।




