
रायपुर।छत्तीसगढ़ में पहले चरण की वोटिंग के लिए 10 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है। यह दोपहर 3 बजे तक चलेगी। बाकी 10 सीटों पर सुबह 8 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा। इस बीच सुकमा के टोडामर्का में नक्सलियों के IED ब्लास्ट करने से चपेट में आकर CRPF कोबरा बटालियन का एक जवान घायल होने खबर भी आ रही है।

हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
जिन 20 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 19 सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं। केवल एक राजनांदगांव सीट भाजपा के पास है। 2018 के चुनाव में दंतेवाड़ा सीट भाजपा के पास थी, लेकिन नक्सली हमले में विधायक की मौत के बाद हुए उप चुनाव में ये सीट कांग्रेस के खाते में चली गई।
ऐसे ही खैरागढ़ सीट जेसीसीजे के पास थी, लेकिन उप
चुनाव में इस पर भी कांग्रेस का कब्जा हो गया। कवर्धा
और मोहला मानपुर सीट पर भी अभी कांग्रेस विधायक हैं।


इन सभी सीटों पर सुबह 7 से 3 बजे तक वोटिंग शुरू…
मोहला-मानपुर, अंतागढ़,
भानुप्रतापपुर, कांकेर,
केशकाल, कोंडागांव,
नारायणपुर, दंतेवाड़ा,
बीजापुर और कोंटा
इन सभी सीटों पर सुबह 8 से 5 बजे तक वोटिंग शुरू…
पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़,
डोंगरगढ़, राजनांदगांव,
डोंगरगांव, खुज्जी, बस्तर,
जगदलपुर एवं चित्रकोट
इन 20 सीटों पर लगभग 233 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह,कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर, मंत्री कवासी लखमा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल हैं।इनके अलावा 198 पुरुष, 25 महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। इस बार 40 लाख 78 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

महिलाओं के लिए बनाये गए 200 संगवारी बूथ और 11 आदर्श मतदान केंद्र :-
पहले चरण के लिए 5 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए
गए हैं। महिला वोटरों की मदद के लिए 200 संगवारी और
11 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। संगवारी बूथों पर
मतदान की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं की होगी। यहां बूथ
इंचार्ज, सहायक से लेकर पुलिस फोर्स से लेकर सब कुछ
महिलाएं करेंगी। पिछली बार जहां जहां मतदान कम हुआ
था, उसे बढ़ाने के लिए ये कदम उठाया गया है।

10-10 सीटों पर अलग-अलग समय में मतदान 20 में से अधिकतर सीटें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हैं। इसे देखते
हुए निर्वाचन आयोग ने वोटिंग के लिए अलग-अलग समय
तय किया है। 10 सीटों पर 8 घंटे यानी सुबह 7 बजे से 3
बजे तक और बाकी की 10 सीटों पर 9 घंटे यानी सुबह 8
बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बस्तर संभाग में 35 मतदान केंद्र महिला कमांडो के हवाले कर दिया गया है :-
बस्तर संभाग की 12 सीटों पर वोटिंग के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसमें केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल सहित DRG, STF, COBRA बटालियन और बस्तर फाइटर्स के जवानों को लगाया गया है। 35 से अधिक मतदान केंद्र महिला कमांडो की सुरक्षा में रहेंगे।
वहीं सुरक्षा में कोई भी भूल चूक न हो इसके लिए पड़ोसी राज्य तेलंगाना,आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र एवं ओडिशा की स्पेशल फोर्स को बार्डर पर तैनात किया गया है।
नक्सल प्रभावित बूथ पर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा नक्सल संवेदनशीलता के आधार पर 600 से अधिक मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। यहां तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। नक्सलियों की निगरानी के लिए ड्रोन और हेलिकॉप्टर तैनात किए जाएंगे।सुरक्षा के दृष्टि से बीजापुर,नारायणपुर, अंतागढ़, दंतेवाड़ा और कोंटा के 149 मतदान केंद्रों को शिफ्ट किया गया है।