छत्तीसगढ़बड़ी खबरेंरायगढ़

Raigarh News : मंत्री मेरा रिश्तेदार है’ — सरकारी नौकरी के नाम पर इस एक लाइन से कर दी 22 लाख की ठगी…

ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं और उनके परिवारों को हिला कर रख दिया है। आरोपियों ने खुद को रसूखदार बताकर लाखों रुपये डकार लिए और हाथ में थमा दिए फर्जी ज्वाइनिंग लेटर…..

रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। शातिर ठगों ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम का करीबी होने का ढोंग रचकर चार बेरोजगार युवाओं से 22 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार हुए पीड़ितों को न तो मंत्रालय में नौकरी मिली और न ही उनके पैसे वापस मिले, जिसके बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​रायपुर में बुना गया ठगी का जाल….

​मामले की शुरुआत अप्रैल 2025 में हुई, जब रायगढ़ के रामभांठा निवासी समारू राम रायपुर गए थे। वहां उनकी मुलाकात महासमुंद निवासी कुमार राम ठाकुर और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई से हुई। कुमार राम ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए दावा किया कि उसकी मंत्रालय में ऊंची पकड़ है और वह किसी को भी सरकारी नौकरी दिलवा सकता है। उसने खुद को मंत्री का बहनोई बताकर पीड़ितों का भरोसा जीत लिया।

​किस्तों में वसूले लाखों रुपये….

​भरोसे में आकर समारू राम ने अपने बेटे डीगेश, भतीजे और दोस्तों के बच्चों के बायोडाटा आरोपी को सौंप दिए। नौकरी पक्की करने के नाम पर आरोपियों ने प्रति व्यक्ति लाखों रुपये की मांग की।

झांसे में आकर पीड़ितों ने अलग-अलग किस्तों में: दी रकम….

​9 लाख 92 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए।

​4 लाख रुपये नकद दिए।

​फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और ‘विधानसभा सत्र’ का बहाना….

​ठगी को और पुख्ता करने के लिए आरोपियों ने दिसंबर 2025 में पीड़ितों को अपने गांव बुलाया और उन्हें डेटा ऑपरेटर के पद के फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिखाए। आरोपियों ने कहा कि 12 दिसंबर को मंत्रालय में ज्वाइनिंग होनी है, इसके लिए बकाया राशि भी तुरंत देनी होगी। विश्वास में आकर पीड़ितों ने 8 लाख 77 हजार रुपये और दे दिए।

​जब ज्वाइनिंग का दिन आया, तो आरोपी ने बहाना बनाया कि “अभी विधानसभा सत्र चल रहा है, इसलिए भर्तियां रोक दी गई हैं।” काफी समय तक टालमटोल होने के बाद जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।

​पुलिस की कार्रवाई…..

​ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने रायगढ़ के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुख्य आरोपी कुमार राम ठाकुर और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page