जांजगीर-चांपा। रायपुर में आयोजित धोबी समाज की सामाजिक बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में समाज की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया और सर्वसम्मति से खाप पंचायत व्यवस्था को खत्म करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।
बैठक में धोबी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर ने जिलाध्यक्ष श्रवण बरेठ की अनुशंसा पर शिवनारायण कर्ष को जांजगीर-चांपा जिले का प्रवक्ता व विधि सलाहकार नियुक्त किया।
नियुक्ति की घोषणा होते ही बैठक में मौजूद समाज के लोगों ने तालियों से स्वागत किया। श्री कर्ष की नियुक्ति पर समस्त धोबी समाज में हर्ष की लहर है। समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि शिक्षित और कानूनी जानकारी रखने वाले युवा को जिम्मेदारी मिलने से समाज को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में समाज के उत्थान, शिक्षा, नशामुक्ति, बाल विवाह रोकथाम और आपसी विवादों को कानूनी प्रक्रिया से सुलझाने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि अब समाज में किसी भी तरह का दंडात्मक खाप फैसला नहीं होगा, बल्कि सभी मामले संविधान और कानून के अनुसार निपटाए जाएंगे।


टिप्पणियाँ