छत्तीसगढ़सक्ति

शिक्षा के मंदिर में शराब पार्टी! वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल..ग्रामीणों ने खोला मोर्चा…

सक्ती जिले के मालखरौदा ब्लॉक के एक स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वीडियो में टेबल पर चिकन और शराब की बोतलें, गिलास में रखी शराब और शिक्षक नजर आ रहे हैं।

सक्ती छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां ज्ञान के मंदिर को मयखाने में तब्दील कर दिया गया। सक्ती जिले के मालखरौदा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले किरारी हाई स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल परिसर के भीतर ही शिक्षक शराब और कबाब की पार्टी करते नजर आ रहे हैं।

इस घटना ने न केवल शिक्षा विभाग की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भी भारी नाराजगी पैदा कर दी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल के एक कमरे में टेबल पर शराब की बोतलें सजी हुई हैं और साथ में चिकन व अन्य खाने-पीने का सामान रखा हुआ है।

शिक्षक बेखौफ होकर स्कूल के भीतर ही पार्टी का आनंद ले रहे हैं। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को देखकर एक शिक्षक हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में शिक्षक यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “यह आखिरी बार है, आगे से ऐसा नहीं होगा।” शिक्षक की यह स्वीकारोक्ति खुद इस बात का प्रमाण है कि स्कूल की मर्यादा को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया था।

जिस स्थान पर बच्चों को संस्कार और बेहतर भविष्य की शिक्षा दी जानी चाहिए, वहां शिक्षकों की इस तरह की हरकत ने समाज के हर वर्ग को हैरान कर दिया है। जैसे ही यह वीडियो ग्रामीणों के पास पहुंचा, गांव में तनाव और रोष का माहौल व्याप्त हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर शिक्षक ही इस तरह का आचरण करेंगे, तो छात्रों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा? स्कूल में इस तरह की गतिविधियों से बच्चों के भविष्य और शिक्षा के माहौल पर बुरा असर पड़ रहा है।

इस घटना के बाद अब ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि इन शराबी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और तत्काल प्रभाव से इनका तबादला स्कूल से अन्यत्र किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे शिक्षक समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए कलंक हैं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page