
विधायक देवेंद्र यादव भी आरोपी, पुलिस ने शुरू की जांच_
बेमेतरा।।जिले के ग्राम झिरिया में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के पुतले की ‘शव यात्रा’ निकाले जाने का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। इस प्रकरण में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव सहित 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, चंदनु थाना में मंत्री दयाल दास बघेल के पुत्र की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके पिता जीवित हैं, इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर हिंदू धार्मिक भावनाओं को आहत किया। साथ ही मंच से उनके निधन की घोषणा कर दो मिनट का मौन भी रखा गया, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।वहीं एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे जेल जाने से नहीं डरते। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन गौवंश की लगातार हो रही मौतों के विरोध में किया गया था और सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है।
बताया जा रहा है कि झिरिया क्षेत्र में गौवंश की मौत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता लंबे समय से प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे थे, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने यह विरोध प्रदर्शन किया। अब इस मामले ने कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तर पर तूल पकड़ लिया है।




