छत्तीसगढ़रायगढ़

Cg News : रायगढ़ में पत्रकारों को मिलेगा अपना भवन, प्रेस क्लब का हुआ भूमि पूजन…

रायगढ़। 2 मई: शहर के पत्रकारों के लिए एक बड़ी सौगात का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार शाम वार्ड क्रमांक 27 में प्रस्तावित प्रेस क्लब सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन मुख्य अतिथि ओ. पी. चौधरी के करकमलों से कराया गया।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष-सचिव के प्रयास लाए रंग

यह सपना प्रेस क्लब अध्यक्ष हेमंत थवाईत एवं सचिव नवीन शर्मा के अथक प्रयासों से ही मुमकिन हो पाया। दोनों ने लंबे समय से पत्रकारों के लिए एक समर्पित स्थान की मांग शासन-प्रशासन के सामने लगातार रखी। उनके निरंतर प्रयासों और सभी पत्रकार साथियों के सहयोग से ही आज यह शिलान्यास का दिन आया। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने दोनों पदाधिकारियों के समर्पण की सराहना की।

जिले के पत्रकारों की पुरानी मांग हुई पूरी

शहर के पत्रकार एक ऐसे स्थान की मांग कर रहे थे जहां वे एकजुट होकर संवाद, विचार-विमर्श और रचनात्मक गतिविधियां संचालित कर सकें। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन अब उनकी इस मांग को पूरा करेगा।

कई गतिविधियों का बनेगा केंद्र….

यह प्रेस क्लब केवल एक भवन नहीं बल्कि पत्रकारिता जगत की गतिविधियों का जीवंत केंद्र बनेगा। यहां पत्रकारों की नियमित बैठकें, प्रेस वार्ताएं, प्रशिक्षण कार्यशालाएं और सामाजिक संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। नए पत्रकारों को वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन भी इसी परिसर में मिल पाएगा। डिजिटल मीडिया और नई तकनीकों पर प्रशिक्षण के लिए भी यह स्थान उपयोगी सिद्ध होगा।

गरिमामयी उपस्थिति

शिलान्यास कार्यक्रम में रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी,एसएसपी शशि मोहन रायगढ़ समस्त नेता गण एवं शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों, प्रेस फोटोग्राफरों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रेस क्लब बनने से रायगढ़ में पत्रकारिता को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

आगे की योजना

आयोजकों के अनुसार भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर इसे तय समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन में कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइब्रेरी, वर्कस्टेशन और मीडिया रूम जैसी व्यवस्थाएं प्रस्तावित हैं।

पत्रकारों ने उम्मीद जताई है कि यह प्रेस क्लब रायगढ़ की पत्रकारिता को और अधिक सशक्त, संगठित और जनसरोकारों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page