
रायगढ़।जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर 6 वाहनों को जब्त किया है। इस दौरान करीब 1.20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उत्खनन और अवैध डंपिंग के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
उड़नदस्ता टीम ने खरसिया क्षेत्र के लेबड़ा, उसरौट और डुमरपाली गांवों में दबिश दी। जांच के दौरान लेबड़ा में मांड नदी से पोकलेन मशीन के जरिए अवैध उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया। यहां से रेत को गढ़उमरिया ले जाकर सीमेंट दुकान के पीछे डंप किया जा रहा था और इसे 2200 रुपये प्रति ट्रैक्टर की दर से बेचा जा रहा था। गढ़उमरिया में खेत से लगी जमीन पर रेत का बड़ा भंडारण भी मिला। वहीं मांड नदी के विभिन्न घाटों पर दिन-रात ट्रैक्टर और डंपरों के जरिए अवैध परिवहन जारी होने की जानकारी मिली है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इतने बड़े स्तर पर खनन बिना विभागीय संरक्षण के संभव नहीं है। इसी तरह जूटमिल क्षेत्र के बोदाटिकरा गांव में भी नदी किनारे बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण किया गया है, जहां से ऊंची कीमतों पर बिक्री की जा रही है। गौरतलब है कि जिले में फिलहाल एक भी वैध रेत घाट संचालित नहीं है। हालांकि 15 घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर पर्यावरण स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन मंजूरी अब तक नहीं मिली है।




