
रायपुर।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल ब्रम्हपुर अम्बिकापुर के प्राचार्य डॉ. पाण्डेय को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया. राष्ट्रपति ने समारोह में 75 चयनित शिक्षकों को वर्ष 2023 के राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किए. सरगुजा जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बृजेश पाण्डेय को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर यह पुरस्कार दिया गया
डॉ. बृजेश पाण्डेय ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की स्थापना को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार प्रति आभार व्यक्त किया :-
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्राचार्य डॉ. बृजेश पाण्डेय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री रविन्द्र चौबे के प्रति आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की स्थापना की गई है. इन विद्यालयों के माध्यम से छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं.