छत्तीसगढ़बिलासपुर

धनेंद्र साहू ने दिखाई इंसानियत, ड्राइवर को अटैक आते ही छोड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस….

बिलासपुर।प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली दरों के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेशव्यापी अभियान के तहत पत्रकार वार्ता लेने बिलासपुर पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू की प्रेसवार्ता उस समय अचानक निरस्त करनी पड़ी, जब उनके ड्राइवर सुरेश सोनी की तबीयत कांग्रेस भवन में ही अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने की सूचना मिलते ही धनेंद्र साहू ने पत्रकार वार्ता तत्काल रोक दी और स्वयं वरिष्ठ नेताओं के साथ मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था में जुट गए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस पत्रकार वार्ता का समय दोपहर 1 बजे निर्धारित था। हालांकि धनेंद्र साहू लगभग आधे घंटे से अधिक विलंब से कांग्रेस भवन पहुंचे। उनके पहुंचने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय। सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय के सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता शुरू हुई।

धनेंद्र साहू ने बिजली दरों में हालिया वृद्धि को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोलना शुरू ही किया था कि करीब पांच मिनट बाद उन्हें सूचना मिली कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष के कक्ष में बैठे उनके ड्राइवर सुरेश सोनी को सीने में तेज दर्द उठा है और उनकी हालत बिगड़ रही है। जानकारी मिलते ही युवा कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़े अर्पित केसरवानी ने वरिष्ठ नेताओं को स्थिति से अवगत कराया। कार्यालय सचिव सुभाष ठाकुर भी तत्काल मौके पर पहुंचे।

बताया गया कि सुरेश सोनी अचानक बेचैनी महसूस करने लगे थे और सीने में दर्द के कारण अपनी शर्ट उतारकर राहत पाने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही धनेंद्र साहू, सिद्धांशु मिश्रा, महेंद्र गंगोत्री, राजेश पाण्डेय, अभयनाराय ऋषि पाण्डेय। सहित अन्य नेता कमरे में पहुंचे और बिना समय गंवाए उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया।

निजी अस्पताल में भर्ती, दोबारा आया अटैक…

कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में सुरेश सोनी को तत्काल कोन्हेर गार्डन क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया के दौरान उन्हें दोबारा अटैक आया, जिसके बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को गंभीर मानते हुए तत्काल आईसीयू में भर्ती कर लिया। फिलहाल उनका उपचार जारी है और चिकित्सकीय निगरानी में हालत स्थिर बताई जा रही है।

बिजली दर वृद्धि के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान…

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस लगातार आंदोलनरत है। दो दिन पहले शहर और ग्रामीण कांग्रेस संगठन ने वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में तिफरा स्थित संभागीय विद्युत कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला स्तर पर पत्रकार वार्ताओं और जनसंपर्क अभियान का कार्यक्रम तय किया था, जिसके तहत धनेंद्र साहू बिलासपुर पहुंचे थे।

मानवीय संवेदनशीलता को प्राथमिकता : अभय नारायण…

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय ने कहा कि बिजली दर वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर पार्टी अपनी बात रखने आई थी, लेकिन एक सहयोगी की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर मानवीय संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी गई।

उन्होंने बताया कि धनेंद्र साहू ने तत्काल पत्रकार वार्ता स्थगित करने का निर्णय लिया और पूरा संगठन सुरेश सोनी के उपचार में जुट गया। पार्टी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है।
घटना के बाद धनेंद्र साहू के निर्देश पर पत्रकार वार्ता औपचारिक रूप से निरस्त कर दी गई। कांग्रेस नेताओं का अधिकांश समय अस्पताल में उपचार व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने में बीता।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page