पोस्ट ऑफिस RD में करोड़ों का घोटाला, 150 खाताधारकों से ठगी…का आरोप

जांजगीर-चांपा।के चांपा से बड़ी खबर है, जहां पोस्ट ऑफिस की आरडी में रकम जमा करने के नाम पर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में पोस्ट ऑफिस एजेंट को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में करीब 150 खाताधारकों की रकम जमा नहीं करने की बात सामने आई है दरअसल, चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन ने पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोप है कि एजेंट ने सितंबर 2022 से फरवरी 2026 के बीच आरडी में जमा करने के नाम पर उनसे 1 लाख 21 हजार 200 रुपये लिए। लेकिन पोस्ट ऑफिस रिकॉर्ड में सिर्फ 21 हजार रुपये ही जमा मिले। बाकी 1 लाख 200 रुपये खाते में जमा नहीं किए गए शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में कथित तौर पर बड़ा खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की रकम पोस्ट ऑफिस खातों में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की है पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश करने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 3 मोबाइल, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं मामले में थाना चांपा पुलिस ने कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब दूसरे खाताधारकों से जुड़ी रकम और पूरे मामले की जांच कर रही है।




