प्रदेश के 19 पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक, 15 अगस्त को CM साय करेंगे…

छत्तीसगढ़।स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के 19 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में ये सम्मान प्रदान करेंगे।
15 अगस्त का दिन छत्तीसगढ़ पुलिस बल के लिए गर्व और सम्मान का अवसर लेकर आज रहा है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य के 19 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट, विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य राज्य-स्तरीय समारोह में इन पुलिस कर्मियों को पदक देकर सम्मानित करेंगे।
छत्तीसगढ़ के पुलिस अफसर- जवानों को राष्ट्रपति पदक
सराहनीय सेवा के लिए 11 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक दिया जाएगा. इनमें बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग, रायगढ़ के एसएसपी शशिमोहन सिंह, रायपुर ग्रामीण की एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, एटीएस की एसपी राजश्री मिश्रा, पुलिस मुख्यालय रायपुर से विशा, 6वीं वाहिनी छसबल रायगढ़ की सेनानी निवेदिता पाल और 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद की सेनानी मनीषा ठाकुर रावटे, सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल, पीएचक्यू की एएसपी उनैजा खातून अंसारी, भिलाई प्रथम वाहिनी के सहायक सेनानी जयलाल मरकाम और 20वीं वाहिनी के प्लाटून कमांडर हजारी लाल साहू शामिल हैं।
रामावतार सिंह राजपूत को विशिष्ट सेवा के लिए पदक
इसके अलावा SDRF रायपुर के जागेश्वर कुमार धीवर और नगर सैनिक उत्तम कुमार साहू को आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा में उनके बेहतरीन काम के लिए गृहरक्षक एवं नागरिक सुरक्षा सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा. वहीं, रामावतार सिंह राजपूत को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा।
राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज
इस बीच, राजधानी रायपुर में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं. आज पुलिस परेड ग्राउंड में फुल-ड्रेस रिहर्सल हो रही है. स्वतंत्रता दिवस की मुख्य परेड के दौरान कुल 17 टोलियां सलामी देंगी. इस साल परेड में BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB की टोलियों के साथ-साथ बिहार पुलिस की एक टुकड़ी भी शामिल होगी. छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियों के अलावा जेल पुलिस, होम गार्ड और NCC की यूनिट्स भी परेड में हिस्सा लेंगी. माउंटेड यूनिट और डॉग स्क्वाड अपने खास प्रदर्शन से मुख्य आकर्षण होंगे. IPS विमल कुमार पाठक परेड कमांडर होंगे, जबकि निशांत कुमार कुर्रे 2IC की ज़िम्मेदारी संभालेंगे।




