
छत्तीसगढ़। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर झंडा फहराने के कार्यक्रमों की योजनाएं तय कर ली गई हैं. राज्य-स्तर का मुख्य समारोह राजधानी रायपुर के पुलिस ग्राउंड में होगा, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. इस मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है और यहां देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे. इसके अलावा, राज्य के अलग-अलग जिलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे. उपमुख्यमंत्री अरुण साव दुर्ग में झंडा फहराएंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बस्तर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बिलासपुर में तिरंगा फहराएंगे।
15 अगस्त पर छत्तीसगढ़ में कौन-कहां फहराएगा तिरंगा?
दरअसल, राज्य के दूसरे अहम जिलों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराने की जिम्मेदारी प्रमुख मंत्रियों और जन-प्रतिनिधियों को सौंपी गई है. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बिलासपुर जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि उप-मुख्यमंत्री अरुण साव दुर्ग में और उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा संवेदनशील बस्तर जिले में यह समारोह करेंगे. इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव में, आदिवासी विकास मंत्री रामविचार नेताम सरगुजा में, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल महासमुंद में और वित्त मंत्री ओपी चौधरी रायगढ़ में मुख्य समारोहों में ध्वज फहराएंगे. वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल बलौदा बाजार-भाटापारा में तिरंगा फहराएंगे. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आज से तिरंगा यात्रा का आयोजन…
भारतीय जनता पार्टी आज से छत्तीसगढ़ में तिरंगा यात्रा शुरू करने जा रही है. राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. यह यात्रा राजधानी रायपुर के बलबीर जुनेजा स्टेडियम से सुबह करीब 11 बजे शुरू होगी और सुभाष स्टेडियम तक जाएगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर की तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे. उनके साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा तथा अन्य मंत्री, विधायक और सांसद भी यात्रा में हिस्सा लेंगे. स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस यात्रा के जरिए लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने की तैयारी की जा रही है. यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के भी शामिल होने की उम्मीद है।
92 गांवों में पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा…
इस बीच स्वतंत्रता दिवस पर सुकमा के 50, बीजापुर के 33 और नारायणपुर के 9 गांवों के 92 दूर-दराज गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा. ये ऐसे इलाके हैं जो दशकों से नक्सली आतंक और डर के साये में रहे हैं. आजादी के बाद यह पहली बार होगा जब इन इलाकों के ग्रामीण औपचारिक रूप से स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे।




