छत्तीसगढ़जशपुरबड़ी खबरें

हाईवा से आमने-सामने टकराई कार, दो कारोबारियों की दर्दनाक मौत…

उड़ीसा से कुनकुरी लौट रहे थे दोनों, टक्कर इतनी भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे; शव निकालने में करनी पड़ी मशक्कत…

जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लवाकेरा-जूनाडीह मोड़ (चंदन घर के पास) पर शनिवार देर शाम करीब छह बजे भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उड़ीसा से कुनकुरी की ओर आ रही कार की सामने से आ रहे हाईवा ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति कुनकुरी के जूता-चप्पल व्यवसायी बताए जा रहे हैं। उनकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है।

कार के अंदर फंस गया दोनों मृतकों का शव

टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे एक शव वाहन के अंदर फंस गया। सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद लोहे की रॉड से कार का दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी।

हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन बहाल कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही कुनकुरी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page