छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ कलेक्टोरेट समेत कई विभागों में वर्षों से जमे अधिकारी, कार्यालय से नदारद रहने के भी आरोप…

रायगढ़। जिले के कलेक्टोरेट सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में कुछ अधिकारी वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए बताए जा रहे हैं। इनमें सेतु निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD) और बीज प्रक्रिया निगम जैसे कार्यालय भी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि लंबे समय से पदस्थ रहने के बावजूद कुछ अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में मौजूद नहीं रहते, जिससे आम लोगों को अपने काम के लिए भटकना पड़ता है।

बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारियों की कार्यालय में उपस्थिति और उनके कार्यक्षेत्र को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दूर-दराज से अपनी समस्याएं और शासकीय कार्य लेकर पहुंचने वाले लोगों को कई बार अधिकारियों के नहीं मिलने से निराश होकर लौटना पड़ता है।

वहीं, वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों के संबंध में शासन की स्थानांतरण नीति और विभागीय नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, यह भी जांच का विषय बनता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं तो उनकी उपस्थिति पंजिका, बायोमेट्रिक रिकॉर्ड और विभागीय दौरा कार्यक्रम की जांच की जानी चाहिए।

अब सवाल यह है कि आखिर वर्षों से एक ही जगह जमे अधिकारियों की पदस्थापना और कार्यालय में उनकी उपस्थिति की निगरानी कौन कर रहा है?

मामले में उच्च अधिकारियों के द्वारा जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठ रही है,ताकि सरकारी कामकाज में सुधार आ सके तथा आम जनता को दफ्तरों में बार-बार भटकना न पड़े।

अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों और आरोपों को कितनी गंभीरता से लेता है तथा संबंधित विभागों में उपस्थिति और वर्षों से जमे अधिकारियों की पदस्थापना की जांच के लिए कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page