छत्तीसगढ़रायगढ़

जिन्दल आदर्श भारती विद्यालय में छात्र परिषद एवं सदन के निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न….

किरोड़ीमलनगर/रायगढ़। जिन्दल आदर्श भारती उच्च माध्यमिक विद्यालय, किरोड़ीमलनगर में छात्र परिषद एवं विभिन्न सदनों के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती वर्षा मिश्रा, डिप्टी कमांडेंट (एडिशनल एस.पी.), 6वीं बटालियन, सीएएफ, रायगढ़ (छ.ग.) थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमेन श्री विजय कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री भरोस राम पटेल, वित्त प्रभारी एवं प्रबंध निदेशक श्री प्रणय कुमार अग्रवाल, सचिव श्री अनुज राम सिदार, सह-सचिव श्री दिनेश कुमार उरांव, सीबीएसई विभाग की प्राचार्या श्रीमती प्रियंका जैन, सीजीबीएसई (अंग्रेजी माध्यम) की प्राचार्या श्रीमती रीना नाथ, सीजीबीएसई (हिन्दी माध्यम) की उप-प्राचार्या श्रीमती ममता सिंह सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती वर्षा मिश्रा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि सहयोग, अनुशासन एवं मैत्री की भावना ही एक आदर्श विद्यार्थी की पहचान होती है। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों का दायित्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने आचरण से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनना है। उन्होंने सभी छात्र पदाधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

विद्यालय के चेयरमेन श्री विजय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन एवं नेतृत्व के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन सफलता की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार डोर के बिना पतंग ऊँचाइयों तक नहीं पहुँच सकती, उसी प्रकार अनुशासन के बिना जीवन में सफलता संभव नहीं है। उन्होंने छात्र परिषद के सदस्यों से विद्यालय की गतिविधियों में सकारात्मक एवं प्रेरणादायी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

विद्यालय के वित्त प्रभारी एवं प्रबंध निदेशक श्री प्रणय कुमार अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व के गुणों का विकास विद्यालय से ही प्रारंभ होता है। छात्र परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो भविष्य में समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आदर्श नागरिक बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

सीबीएसई विभाग की प्राचार्या श्रीमती प्रियंका जैन ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व अनुशासन, निष्ठा एवं सेवा भावना पर आधारित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय में अनुशासन, स्वच्छता, समयपालन, पर्यावरण संरक्षण, नैतिक मूल्यों एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह शपथ केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण एवं ईमानदारी का संकल्प है।

समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा छात्र पदाधिकारियों को विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन एवं शिष्टाचार का पालन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। सीबीएसई विभाग से आर्यन सिंह (हेड बॉय) एवं कु. नमिता यादव (हेड गर्ल), सीजीबीएसई (अंग्रेजी माध्यम) से आयुष सिंह (हेड बॉय) एवं कु. प्रियांशी राज (हेड गर्ल) तथा सीजीबीएसई (हिन्दी माध्यम) से शुभम गुप्ता (हेड बॉय) एवं कु. प्रीतम चटर्जी (हेड गर्ल) सहित खेल, अनुशासन, संगीत, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ एवं साउथ हाउस के छात्र प्रभारियों ने शपथ ग्रहण की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि श्रीमती वर्षा मिश्रा को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन सीजीबीएसई -अंग्रेजी माध्यम की प्राचार्या श्रीमती रीना नाथ के धन्यवाद ज्ञापन तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page